अरवल – जिला पदाधिकारी द्वारा एरिया सेल्स मैनेजर के साथ समीक्षा बैठक जिला पदाधिकारी, अरवल के मार्गदर्शन में किया गया। जिले में आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु लगातार अनुश्रवण एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी एलपीजी कंपनियों के एरिया सेल्स मैनेजर के साथ एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एलपीजी गैस की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने हेतु कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
सभी कंपनियां अपने-अपने लंबित बैकलॉग को शीघ्र कम करें। उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप गैस एजेंसियों को पर्याप्त मात्रा में एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करें। जिन गैस एजेंसियों में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाए, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड आरोपित किया जाए। गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग के क्रम के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पूर्णतः सामान्य है। वर्तमान स्थिति के अनुसार जिले के सभी 14 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं तथा 08 अप्रैल 2026 को कुल 3656 एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। साथ ही जिले के पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। वर्तमान में पेट्रोल 126.41 किलोलीटर एवं डीजल 157.21 किलोलीटर उपलब्ध है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि उपभोक्ता गैस बुकिंग के पश्चात होम डिलीवरी के माध्यम से अपने घर पर ही सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। अतः उन्हें गैस एजेंसियों पर जाने की आवश्यकता नहीं है। बुकिंग की निर्धारित समय-सीमा इस प्रकार है- शहरी क्षेत्र 25 दिनों के बाद पुनः बुकिंग, ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित है।
उपभोक्ता निम्नलिखित दूरभाष संख्याओं पर संपर्क कर सकते हैं- 06337-228994, 06337-229494, 8235230817 जिला प्रशासन अरवल द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील किया गया कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक भीड़ से बचें। नियमानुसार बुकिंग कर होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठाएं। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोविंदा मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट