अरवल – रचना पाटिल, सचिव (व्यय) सह प्रभारी सचिव, अरवल जिला द्वारा जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने हेतु विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में ‘मां विन्ध्यवासिनी एचपी गैस एजेंसी का निरीक्षण सचिव एवं जिला पदाधिकारी, अरवल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण प्रणाली, उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति, स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। सचिव द्वारा एजेंसी संचालक को निर्देश दिया गया कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सचिव को यह भी अवगत कराया गया कि अरवल जिला में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित है, जिसके कारण आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या के संबंध में अनावश्यक घबराने की आवश्यकता नहीं है। आपूर्ति को सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से सघन जांच एवं सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि आमजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही, जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त होने वाली सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस क्रम में सचिव द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सुना तथा त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों संबंधित विभाग के पदाधिकारी, आपूर्ति विभाग से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिकारी एवं गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट