अरवल – विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के तहत जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘भ्रम बनाम तथ्य तथा ‘रोजगार से परिसंपत्ति तक विषय पर मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में किया गया। मीडिया संवाद कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं वास्तविक तथ्यों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाना रहा, ताकि योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार के भ्रम को दूर किया जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य एक खुशहाल, आत्मनिर्भर और मजबूत ग्रामीण भारत का निर्माण करना है। इसके तहत एम्पावरमेंट ग्रोथ, कन्वर्जेन्स और सेचुरेशन पर विशेष ध्यान देते हुए पानी की सुरक्षा, मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका से जुड़े आधारभूत ढाँचे तथा क्लाइमेट रेजिलिएंस को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करते हुए पंचायतों को सर्कुलर इकोनॉमी में सक्रिय योगदान देने के लिए सक्षम बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत अकुशल शारीरिक श्रम करने के इच्छुक प्रत्येक ग्रामीण परिवार के वयस्क सदस्यों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी आधारित रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की जाएगी।
यह एक केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार का अंश क्रमशः 60:40 के अनुपात में होगा, जबकि उत्तर-पूर्वी और हिमालयी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए यह अनुपात 90:10 निर्धारित किया गया है। योजना में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण, स्थानिक प्रौद्योगिकी आधारित कार्यान्वयन, मोबाइल आधारित निगरानी प्रणाली तथा साप्ताहिक सार्वजनिक प्रकटीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सामाजिक अंकेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया गया है, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सही तरीके से पहुँच सके।
उप विकास आयुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए बताया कि ग्रामीण स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर बैनर, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. ताकि योजना की सही जानकारी आम लोगों तक पहुँच सके और अधिक से अधिक पात्र परिवार इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में मुकेश कुमार निदेशक नगर नियोजन, माला कुमारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट