अरवल – जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक अरवल नवजोत सिमी के द्वारा आज संयुक्त रूप से ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश-निकास पंजी, अग्निशमन उपकरण, डबल लॉक सिस्टम तथा स्ट्रॉन्ग रूम की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की नियमित निगरानी की जाए और सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू अवस्था में रखा जाए। साथ ही, प्रवेश-निकास रजिस्टर का संधारण अद्यतन एवं पारदर्शी ढंग से करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि वेयरहाउस परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ड्यूटी का निर्वहन किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट