अरवल – महिला एवं बाल विकास निगम बिहार, पटना एवं जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निदेशानुसार बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजना अंतर्गत अरवल जिला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय वंशी के छात्राओं के बीच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वन स्टॉप सेन्टर केन्द्र प्रशासक शिम्पु कुमारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान छात्राओं को मुख्य रूप से बालिकाओं बेटियों के महत्त्व, समान अधिकार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW), तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, सही निर्णय लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया एवं बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षित और सशक्त बेटी ही सशक्त समाज और राष्ट्र की नींव है। बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगो युक्त टी शर्ट एवं टोपी वितरण किया गया। इस मौके पर मनो समाजिक परामर्शी प्रिया कुमारी, जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय के अन्य कर्मी मौजूद थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट