अरवल – सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, वंशी हेतु मार्ग उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया ।जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के द्वारा सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड अंतर्गत निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) वंशी हेतु मार्ग की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र तक आमजन, एम्बुलेंस तथा आपातकालीन सेवाओं के सुचारु आवागमन हेतु उपयुक्त एवं सुलभ मार्ग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए मार्ग से जुड़ी सभी बाधाओं की पहचान कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। स्थलीय निरीक्षण के क्रम में भूमि की स्थिति, वर्तमान मार्ग की स्थिति, संपर्क पथ की उपयोगिता, तथा संभावित वैकल्पिक मार्गों का भी अवलोकन किया गया। साथ ही, आवश्यकतानुसार भूमि उपलब्धता, एवं तकनीकी पहलुओं पर संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा शीघ्र ही मार्ग उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का लाभ क्षेत्र की आम जनता को निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट