अरवल – महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार व जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निदेशानुसार अरवल जिला अन्तर्गत करपी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फखरपुर में राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बालिकाओं के बीच उनके अधिकारों, भावनाओ, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा किया गया साथ ही बाल विवाह उन्मूलन हेतु जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा विभिन्न महिला संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं, महिला हेल्पलाइन 181, घरेलू हिंसा अधिनियम, मानव तस्करी तथा राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने स्कूल में उपस्थित शिक्षिकाओं एवं छात्राओं को सरल भाषा में जागरूक करते हुए उन्हें सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बालिकाओं एवं महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं तथा उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाती हैं। संवाद कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगोयुक्त टीशर्ट व टोपी दिया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर के मनो सामाजिक परामर्शी, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन के वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ, डाटा एंट्री ऑपरेटर, विद्यालय के वार्डेन एवं शिक्षिका मौजूद रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट