अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार आपदा प्रभारी अरवल एवं अग्निशमन पदाधिकारी अरवल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में संयुक्त रूप से भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा एवं अग्निशमन के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा के प्रति आमजनों एवं कर्मियों को जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ के टीम द्वारा भूकंप के दौरान क्या करें एवं क्या न करें, सुरक्षित स्थानों की पहचान, आपातकालीन निकासी प्रक्रिया तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही भूकंप के समय घबराने के बजाय संयम बरतते हुए सतर्कता से कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने बताया कि भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, ताकि आपदा की स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान से बचाया जा सके। भूकंप के दौरान भवन ध्वस्त होने से बचाव एवं सुरक्षित स्थानों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि भूकंप आने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता एवं संयम बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। भूकंप के दौरान मजबूत मेज, पलंग अथवा फर्नीचर के नीचे शरण लें तथा सिर और गर्दन को सुरक्षित रखें।
खिड़की, शीशा, अलमारी, पंखा एवं भारी वस्तुओं से दूर रहें। यदि व्यक्ति खुले स्थान में हो तो भवन, बिजली के खंभे, पेड़ एवं पुल से दूर खुले मैदान में चले जाएं। बहुमंजिला भवन में रहने वाले व्यक्ति सीढ़ियों अथवा लिफ्ट का प्रयोग न करें। भूकंप के झटके रुकने के बाद ही सुरक्षित रूप से बाहर निकलें। जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि भूकंप जैसी आपदाओं से बचाव हेतु जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी सूचना पर ध्यान दें। मौके पर सहायक आपदा प्रभारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट