अरवल -जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में “16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का उद्घाटन द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के शुभ अवसर पर निर्वाचन को समावेशी, सुगम एवं सहभागिता पूर्ण बनाने हेतु संदेशों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। जिला पदाधिकारी अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक योग्य नागरिक का यह संवैधानिक कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे मतदान के महत्व को समझें और निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त होकर मतदान करें। जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करता है। उन्होंने नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं आगामी सभी चुनावों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा मतदाता शपथ भी ली गई, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे”। वोट जैसा कुछ नहीं, वोट डालेंगे हम।
उप विकास आयुक्त द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया गया तथा अपना मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। बिना पक्षपात के मतदान करें। एक-एक वोट के महत्व को समझें। डरे नहीं मताधिकार का सही प्रयोग करें। उप निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचक नियमावली, प्रबंधन और उसके गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने में बहुमूल्य योगदान हेतु दोनों विधानसभा क्षेत्र अरवल एवं कुर्था के बीएलओ को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मतदाता दिवस के बारे में विस्तृत जानकारी से लोगों को अवगत कराया गया। साथ ही सभी मतदाताओं द्वारा राष्ट्रीय गान भी गाया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिाकरी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग, स्काउड गाइड के छात्र-छात्राएँ आदि उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट