अरवल – समाहरणालय, अरवल के सभागार भवन में जीविका, अरवल द्वारा जिला स्तरीय जेंडर फोरम–सह–समन्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की विधिवत शुरुआत जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार एवं जिला परियोजना प्रबंधक जीविका रागिनी कुमारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।
बैठक में पटना जिला से आए सामाजिक प्रबंधक मनोज रंजन द्वारा समिति के सदस्यों को उनके दायित्वों एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में जेंडर फोरम की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने दीदी अधिकार केंद्र की संरचना, संचालन एवं प्रबंधन प्रणाली के बारे में भी विस्तार से जानकारी साझा की। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक जीविका रागिनी कुमारी द्वारा नई चेतना अभियान 4.0 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लैंगिक भेदभाव को चुनौती देना, महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामुदायिक सामूहिक शक्ति को सशक्त करना है। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के कार्यों की सराहना की। वहीं उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में लैंगिक समानता स्थापित करने की दिशा में जीविका दीदियां निरंतर सराहनीय कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर दीदी अधिकार केंद्र का संचालन कर रही जीविका दीदियों द्वारा अपने-अपने अनुभव साझा किए गए तथा बताया गया कि किस प्रकार यह केंद्र महिलाओं के सामाजिक, कानूनी एवं मानसिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैठक के दौरान प्रशंसनीय कार्य करने वाली जीविका दीदियों को जिला पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। उक्त बैठक में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट