अरवल -मेरा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 25 जनवरी 2026 को देशभर के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों तथा जिला मुख्यालयों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है, जिसका संदेश है – “मेरा भारत, मेरा वोट”।
यह कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी युवा जन-जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य जागरूक, नैतिक एवं सहभागी चुनावी सहभागिता को बढ़ावा देना है, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए। मतदाता जागरूकता को शारीरिक स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता के साथ जोड़कर, यह पहल राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व में एक सशक्त जन आंदोलन में परिवर्तित करने का प्रयास करती है।
इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना, मतदाता पंजीकरण तथा मतदाता विवरणों में सुधार को प्रोत्साहित करना और जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना शामिल है। पदयात्रा सामूहिक नागरिक सहभागिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेशों के प्रसार हेतु एक सशक्त एवं सहभागी मंच के रूप में कार्य करेगा।
इस कार्यक्रम में मेरा भारत स्वयंसेवकों तथा प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी। पदयात्रा अरवल जिले में 25 जनवरी को बालिका उच्च विद्यालय से इंडोर स्टेडियम तक की जाएगी। गतिविधियों में पदयात्रा कार्यक्रम के अतिरिक्त,प्रथम बार मतदाताओं का सम्मान, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ ग्रहण समारोह तथा जनसंपर्क गतिविधियाँ शामिल होंगी।
ऐसे लोकतांत्रिक प्रयासों में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण घटक है। जागरूकता, उत्तरदायित्व और चुनावी प्रक्रिया में स्वामित्व की भावना के साथ युवाओं को सशक्त बनाना लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के दूत के रूप में उभरने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। मेरा भारत सभी युवाओं से आह्वान करता है कि वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा में सक्रिय रूप से भाग लें और भारत की लोकतांत्रिक संरचना को सशक्त बनाने में सार्थक योगदान दें।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट