अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक अरवल नवजोत सिमी की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय बालिका दिवस का भव्य आयोजन बालिका उच्च विद्यालय, अरवल के प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर इंडोर स्टेडियम, अरवल से बालिका उच्च विद्यालय, अरवल तक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मिनी मैराथन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही सशक्त भविष्य की कुंजी है।
उन्होंने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सभी बालिकाओं से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि हम अवश्य शिक्षित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं का शिक्षित होना समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं प्रदान कीं। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं का संरक्षण, विकास एवं उन्हें शिक्षित करना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा बालिकाओं के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी बालिकाओं को अपने रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी भावना, जिला कला एंव संस्कृति पदाधिकारी डॉ. सुनैना सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट