अरवल — राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी अमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में अरवल बस स्टैंड परिसर में सभी वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहन चालकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना था।
शिविर के दौरान चालकों की नेत्र जांच सामान्य स्वास्थ्य जांच रक्तचाप एवं अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए तथा चिकित्सकों द्वारा सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में बस, ट्रक, ऑटो एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के सैकड़ों चालक उपस्थित रहे और उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने उपस्थित चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चालकों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। शिविर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर परिवहन विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी, यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट