अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया गया। यह सड़क जनकपुर घाट से बैदराबाद बाज़ार होते हुए ओझा बिगाह तक निर्माण की जानी है। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सड़क की लंबाई, चौड़ाई, संरेखण, भूमि की स्थिति तथा प्रस्तावित तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा समयबद्ध रूप से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान यह भी कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, ग्रामीण कार्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी, अभियंता एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट