अरवल – दीपक प्रकाश मंत्री, पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार का अरवल जिला परिसदन में सभी मीडिया के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार पूर्वक बताया गया। इस दौरान अरवल जिला परिषद की रिक्त भूमि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इन जमीनों के सुनियोजित विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी 16 फरवरी 2026 तक सभी रिक्त जमीनों का विस्तृत विवरण विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें व्यावसायिक उपयोग, दुकान, गोदाम, आवासीय परिसर एवं अन्य निर्माण कार्यों हेतु चिन्हित कर लीज पर दिया जा सके। पंचायत सरकार भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले की 64 पंचायतों में से 17 पंचायत सरकार भवन पूर्ण होकर क्रियाशील हैं, जबकि शेष भवनों का निर्माण प्रगति पर है। शेष 02 पंचायतों में भूमि संबंधी समस्या के शीघ्र समाधान का निर्देश मंत्री द्वारा दिया गया।
कन्या विवाह मंडप निर्माण, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन, 15वें वित्त आयोग एवं पंचम वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने लंबित भुगतान, उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। ग्राम कचहरी में वादों की ऑनलाइन प्रविष्टि की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आरटीपीएस केंद्रों में कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मौके पर पंचायत राज पदाधिकारी के साथ अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट