अरवल -कलेर प्रखंड अंतर्गत पहलेजा पंचायत, वार्ड संख्या-02 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी सेविका , सहायिका द्वारा टीएचआर (पोषाहार) वितरण नहीं किए जाने एवं राशन को अपने घर पर उतरवाकर अनियमित रूप से वितरण किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।
प्राप्त सूचना के आलोक में जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार 16 जनवरी को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), माला कुमारी अरवल द्वारा उक्त आंगनबाड़ी केंद्र का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीएचआर वितरण, अभिलेखों की जांच, लाभुकों के मंतव्य तथा आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका द्वारा किए जा रहे समस्त दायित्वों की गहन समीक्षा की गई। फिलहाल जांच की प्रक्रिया संचालित है।
जांच पूर्ण होने के उपरांत यदि टीएचआर वितरण अथवा अन्य कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच अवधि के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा संबंधित आंगनबाड़ी सेविका से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए उनका मानदेय अस्थायी रूप से अवरुद्ध किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि आंगनबाड़ी सेवाओं में पारदर्शिता एवं लाभार्थियों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट