अरवल – सरस्वती पूजा के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल नवजोत सिमी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की सहभागिता रही।
बैठक के दौरान सरस्वती पूजा के आयोजन से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि पूजा पंडालों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा विद्युत व्यवस्था पूर्णतः सुरक्षित हो। किसी भी स्थिति में डीजे, अश्लील अथवा आपत्तिजनक गानों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर ही मूर्ति विसर्जन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था एवं त्वरित प्रतिक्रिया दल की व्यवस्था की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पूजा समितियाँ प्रशासन से पूर्व अनुमति लेकर ही आयोजन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों एवं समय सीमा के अंतर्गत ही किया जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई कि वे सरस्वती पूजा को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की सूचना अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा यह पुनः स्पष्ट किया गया कि पर्व-त्योहारों का आयोजन शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06337-229494, 228191, 228008 एवं वाटसएप नं० 8235230817 है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटा कार्यरत रहेगा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारीगण, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट