अरवल – प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय (पार्ट-1 एवं पार्ट-2) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय बैठक आयोजित जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा किया गया। बैठक का प्रमुख उद्देश्य मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान जिले के लिए घोषित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करना रहा।
इसके साथ-साथ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना (पार्ट-1 एवं पार्ट-2) के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा भी बैठक का अहम एजेंडा रहा। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी विभाग योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि योजनाओं से संबंधित लंबित मामलों एवं जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से सभी योग्य एवं पात्र लाभुकों तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सात निश्चय योजना के तहत आधारभूत संरचना, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा नियमित रूप से अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट