अरवल – शहरी विकास हेतु जीआईएस आधारित मास्टर प्लान निर्माण को लेकर स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक आयोजित जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम (GIS) के तहत अरवल नगर के समग्र शहरी विकास हेतु मास्टर प्लान तैयार किए जाने के उद्देश्य से सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स एवं विभागीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र में उपलब्ध भूमि का सुनियोजित एवं वैज्ञानिक तरीके से उपयोग सुनिश्चित करना, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास करना तथा आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति देना रहा। इसके अंतर्गत शहरी क्षेत्र में सड़क, जलापूर्ति, जलनिकासी, बिजली, आवास, हरित क्षेत्र, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक में निर्देश दिया गया कि शहरी विकास की योजना बनाते समय दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि भविष्य में जनसंख्या वृद्धि एवं शहरी विस्तार के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर भी जोर दिया गया, जिससे रोजगार के अवसर सृजित हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त हो।
बैठक में सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास जैसे स्वास्थ्य सेवाएं, शैक्षणिक संस्थान, सामुदायिक केंद्र, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों से उनके अपने विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की अद्यतन स्थिति से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि प्राप्त प्रतिवेदनों के आलोक में शहरी मास्टर प्लान को और अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक रूप दिया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के माध्यम से शहरी क्षेत्र में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आम नागरिकों के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, नगर परिषद, शहरी विकास विभाग, पथ निर्माण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्टेकहोल्डर्स उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट