अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा कृषि विभाग अंतर्गत एग्रीस्टैक परियोजना के तहत संचालित किसान रजिस्ट्री शिविरों के निरीक्षण के क्रम में कुर्था प्रखंड अंतर्गत कोदमरई पंचायत के सामुदायिक भवन जहां शिविर का आयोजन किया गया था का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में पंचायत स्तर पर चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की सतत निगरानी करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं शिविर कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा किसान रजिस्ट्री की अद्यतन प्रगति, पंजीकरण के दौरान किसानों को आने वाली समस्याओं, तकनीकी बाधाओं एवं दस्तावेजों से संबंधित कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा उनके तत्काल निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया जा रहा है कि किसान रजिस्ट्री कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जाए।
मालूम हो कि कृषि विभाग द्वारा संचालित एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके तहत प्रत्येक किसान के लिए एक विशिष्ट फार्मर आई०डी० तैयार की जा रही है। यह फार्मर आई०डी० किसानों को उनके कृषि भूमि अभिलेखों से जोड़ती है, जिससे उन्हें कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। फार्मर आई०डी० के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज अनुदान, उर्वरक अनुदान, कृषि यंत्र अनुदान, फसल बीमा योजना, पैक्सों के माध्यम से फसल खरीद एवं कृषि ऋण जैसी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। फार्मर आई०डी० बन जाने के पश्चात किसानों को योजनाओं के लाभ हेतु बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार के निदेशानुसार कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास से अरवल जिले में प्रथम चरण पंचायतवार किसान रजिस्ट्री कैम्पों का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है
इन तिथियां को लगाया जाएगा कैंप 06.जनवरी.2026 से 09.जनवरी.2026, द्वितीय चरण 18.जनवरी.2026 से 21.जनवरी.2026 तक। जिला प्रशासन द्वारा सभी किसान भाई-बहनों से अपील की जाती है कि वे स्वयं अभिरुचि लेकर निर्धारित कैम्पों में उपस्थित होकर निम्नलिखित आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना फार्मर आई०डी० अनिवार्य रूप से बनवाएं- आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, भूमि से संबंधित दस्तावेज (अद्यतन रसीद / भू-स्वामित्व प्रमाण-पत्र/खतौनी)। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी हेतु किसान अपने पंचायत के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं
हेल्पलाईन नंबर 9031643044 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रखंड स्तर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के संपर्क नंबर निम्नवत है- अरवल 9031643601, कलेर 9031643602, करपी 9031643647, कुर्था 8825230689, सोनभद्र वंशी सूर्यपुर 9031643645, जिला प्रशासन अरवल द्वारा सभी किसान भाई-बहनों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे इस डिजिटल पहल का लाभउठाते हुए समय पर फार्मर आई०डी० बनवाएं, ताकि भविष्य में कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट