अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में बेनीपुर (उपवितरणी) के सुदृढ़ीकरण कार्य अंतर्गत भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों के समाधान हेतु कुर्था प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर एवं कोनी ग्राम के रैयतों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम संबंधित रैयतों से उनकी समस्याओं एवं भू-अर्जन की लंबित राशि से संबंधित कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। रैयतों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस क्रम में अंचलाधिकारी कुर्था को निर्देशित किया गया कि रैयतों की भूमि से संबंधित आवश्यक अभिलेखों कागजातों के निर्माण एवं अद्यतन कार्य को ससमय एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि भू-अर्जन की प्रक्रिया को त्वरित रूप से निष्पादित किया जा सके और रैयत्तों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित हो सके। साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि भू-अर्जन हेतु निर्धारित चेक-लिस्ट के अनुसार आवश्यक कागजातों को रैयतों से प्राप्त करने के उद्देश्य से मानिकपुर ग्राम में विशेष शिविर का आयोजन किया जाए, जिससे रैयतों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने में सुविधा हो सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए भू-अर्जन से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा रैयतों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनोद कुमार, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी माला कुमारी, सोन उच्च नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट