अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा परिवहन नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, अरवल के माध्यम से विभिन्न चेक पोस्टों पर वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिला परिवहन कार्यालय की टीम द्वारा जिले के प्रमुख चेक पोस्टों एवं आवागमन के महत्वपूर्ण मार्गों पर दो पहिया, चार पहिया एवं भारी वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के क्रम में वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र फिटनेस, ओवरलोडिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान एवं दंडात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया एवं सुरक्षित वाहन संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा यह भी अपील की गई कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों के वैध कागजात अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध, असुरक्षित एवं नियम विरुद्ध वाहन परिचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। जिला प्रशासन अरवल द्वारा जनहित में उठाए गए इस कदम से जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट