अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा आज करपी प्रखंड अंतर्गत नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, केयाल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं पंचायत स्तरीय शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायत सरकार भवन की भवन संरचना, कार्यालय कक्षों की व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधा, विद्युत आपूर्ति, फर्नीचर एवं अभिलेख संधारण, जनसुविधा काउंटर, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का बिंदुवार एवं गहन अवलोकन किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पंचायत सरकार भवन का समुचित एवं नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएँ एक ही छत के नीचे, सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जा सकें।
साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि शेष आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर भवन को पूर्णतः कार्यशील बनाया जाए। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पंचायत सरकार भवन के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट