अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा करपी प्रखंड अंतर्गत बेलखरा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना के परिप्रेक्ष्य में चिन्हित स्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिले में स्वास्थ्य अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आमजनों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल के रूप में किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रस्तावित स्थल की भूमि की उपलब्धता एवं सीमांकन, भौगोलिक एवं भौतिक स्थिति, भूमि समतलीकरण की वर्तमान अवस्था, पहुँच पथ, सहित अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का बिंदुवार एवं गहन मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने स्थल से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना से अरवल जिले के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएँ स्थानीय स्तर पर सुलभ होंगी। इसके अतिरिक्त यह परियोजना चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को उल्लेखनीय गति प्रदान करेगी। भविष्य में यह मेडिकल कॉलेज अरवल जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।
निरीक्षण उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि प्रस्तावित स्थल से जुड़े प्रत्येक आवश्यक बिंदु पर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए तथ्यात्मक, समेकित एवं विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र तैयार किया जाए, ताकि राज्य सरकार के स्तर पर आगे की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण किया जा सके। उक्त निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट