अरवल – भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कामकाजी बैठक किया गया जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने की। संचालन जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय ने किया। बैठक में आगामी कार्यक्रम को लेकर कामकाजी बैठक में अभियानों की कार्य योजना पर चर्चा की गई, साथ ही समाज के सभी वर्गों को सहभागिता के लिए प्रेरित करने का कार्य करने पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि भाजपा हर घर तिरंगा कार्यक्रम के साथ तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन करेगी। हर घर तिरंगा अभियान में भी सभी कार्यकर्ताओं को लगना है और इस अभियान को सफल बनाना है। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पार्टी का आईटी और सोशल मीडिया विभाग व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें, ताकि इसे जन-जन का अभियान बनाया जा सके। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को पार्टी विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाएगी। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी जिला और मंडल टीम को विशेष रूप से जिम्मेदारी दी गई है, जिसके तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं जिला मंत्री सह हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम संयोजक अमृत राज उपाध्याय ने बैठक में कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि भाजपा द्वारा 10 से 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा आयोजित होगी। 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों, प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों, प्रतिष्ठानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा फहराने का आग्रह किया जाएगा। 7 और 8 अगस्त को इस कार्यक्रम की तैयारी और भव्यता के लिए मण्डल की बैठक आयोजित करना है।
बैठक में कार्यक्रम के सह संयोजक धनंजय रविदास, जिला उपाध्यक्ष गिरेन्द्र कुमार, सत्येन्द्र विश्वकर्मा, जिला महामंत्री संजीत सिंह, जिला मंत्री सह विधानसभा प्रभारी राहुल वत्स, विधानसभा संयोजक जय साहू, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अखिलेश सम्राट, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रभु पासवान, अल्पसंख्यक मोर्चा सज्जाद आलम, मण्डल अध्यक्ष सुधीर शर्मा, मुकेश भगत, रिंकू विश्वकर्मा, मनोज कुमार, जितेश कुशवाहा, ब्रजेंद्र कुमार, भरत यादव सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट