अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल कुमार गौरव द्वारा आज जी.एन.एम कॉलेज अरवल के लैम्प लाइटिंग, शपथ ग्रहण और कैपिंग समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया गया। उन्होंने सभी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप कक्षा से निकलकर सेवा के वास्तविक क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। जो दीपक आज आपने जलाया है, वह केवल रोशनी का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सेवा, करुणा और ज्ञान की एक ज्वाला है।
जो शपथ आपने ली है, वह सिर्फ शब्द नहीं हैं, बल्कि बीमारों की सेवा करना, जीवन की रक्षा करना, और अपने पेशे की मर्यादा को बनाए रखने हेतु एक आजीवन संकल्प है। जो कैप आज आपने पहनी है, वह एक सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे केवल एक पोशाक का हिस्सा न समझें—यह एक भरोसे की निशानी है कि जब कोई मरीज आपको देखेगा, तो उसमें आशा जागेगी, विश्वास बनेगा, और उसे लगेगा कि वह सुरक्षित हाथों में है।
अंत में उन्होंने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं है—यह एक सेवा धर्म है। इसमें आपको लंबी ड्यूटी करनी होगी, भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना होगा, लेकिन याद रखिए—आपकी मुस्कान, आपकी सेवा, और आपकी सहानुभूति कई जिंदगियों में आशा की किरण बन सकती है। आशा करते हैं कि आप सभी अपने दायित्व का निर्वहन अच्छे से करेंगे। मौके पर सिविल सर्जन, जीएनएम कॉलेज के प्रिंसिपल एवं अन्य उपस्थित है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट