अरवल – ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 18 अप्रैल 2025 से शुरू किया गया महिला संवाद कार्यक्रम शनिवार 14 जून को अरवल जिला अंतर्गत 567 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिले के सभी प्रखंड में कुल 57 दिनों तक आयोजित किये गये महिला संवाद कार्यक्रम में 125261 महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी हुई, तो वहीं महिलाओं की ओर से 15443 आकांक्षाएं निकल कर सामने आई हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के बीच लीफलेट और मुख्यमंत्री का सन्देश पत्र भी वितरित किया गया। महिलाओं की मुखरता, स्वावलंबन और सशक्तीकरण की झलक महिला संवाद कार्यक्रम में देखने को मिली। महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं सफलता से अवगत कराया गया।
महिलाओं को सतत जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मुख्यमंत्री शताब्दी बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साईकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) पोशाक योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री मेधावृति योजना, मुख्यमंत्री अनुसूचित एवं अनुसूचित जनजाति सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, अक्षर अंचल योजना आदि के बारे में बताया गया।
महिला संवाद कार्यक्रम में आकांक्षाओं में मुख्य रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन की राशि में इजाफा, जीविका भवन, विवाह भवन की मांग, नल-जल, आवाज, परिवहन, सामुदायिक शौचालय, जीविका बैंक सहित विभिन्न आकांक्षाएं महिलाओं की ओर से निकल कर आई हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीविका के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, सामुदायिक समन्वयक एवं जीविका कैडर्स के साथ-साथ जीविका दीदियों की अहम भूमिका रही। इसके अलावा जिला और प्रखंड प्रशासन द्वारा नियुक्त पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट