अररिया में आज बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अररिया नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव के पास पूर्णिया जाने वाली एनएच-57 पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर दूसरी दिशा से आ रही एक ब्रेजा कार से जा भिड़ी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य बुरी तरह घायल हो गए। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो साइकिल सवार को धक्का देते हुए अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराया और फिर दूसरी लेन में आ गया। इसी दौरान दूसरे लेन पर आ रही ब्रेजा गाड़ी से स्कॅर्पियो की भीषण टक्कर हो गई। स्कॉर्पियो में सवार सात और ब्रेजा में सवार चार लोग गंभीर रूप जख्मी हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
चश्मदीदों के मुताबिक एक्सीडेंट साइकिल सवार बचाने के चक्कर में हुआ। स्कॉर्पियो सवार ने पहले उस साइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर बेकाबू होकर दूसरे लेन में जाकर एक कार से टकराते हुए पलट गई। इस घटना में ब्रेजा कार में सवार 4 लोग भी घायल हुए हैं। सातों घायलों को अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के सकमा बिशनपुर गांव के रहने वाले 70 वर्षीय मायानंद झा, 45 वर्षीय गौतम कुमार ठाकुर और 60 वर्षीया शांति देवी के रूप में हुई है। शांति और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मायानंद गौतम के चाचा थे। इसके अलावे घटना में गैयारी निवासी 25 वर्षीय साइकिल सवार मोहम्मद कोनैन की भी हादसे में जान गई है।
इस भीषण हादसे में घायल हुए अन्य लोगों के नाम जवाहर झा (60 वर्ष), लक्ष्मी ठाकुर (43 वर्ष) और मधु लता देवी (55 वर्ष) बताया गया है। परिजनों ने बताया कि ये लोग एक रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने रामनगर जा रहे थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सभी लोग मामा के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए रामनगर जा रहे थे। इसी दौरान कुसियारगांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास साइकिल सवार को बचाने में एक्सीडेंट हो गया। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।