आरा/बक्सर : आरा से बनारस के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी और परेशान करने वाली खबर है। डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) रेल मंडल में चल रहे महत्वपूर्ण परिचालन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों के चलते रेलवे ने गाड़ी संख्या 63229/63230 आरा-बनारस-आरा मेमू पैसेंजर के परिचालन को अगले 100 दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है।
यह मेमू ट्रेन इस रूट के नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। अचानक ट्रेन के तीन महीने से अधिक समय के लिए रद होने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सबसे सस्ता और सुलभ साधन था। अब उन्हें अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में भारी भीड़ का सामना करना पड़ेगा या बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना होगा, जिससे समय और जेब दोनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य भविष्य में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और क्षमतावान बनाने के लिए अनिवार्य है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पर निकलने से पहले एनटीईएस (NTES) ऐप या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ट्रेनों की ताजा स्थिति जरूर जांच लें और उपलब्ध अन्य विकल्पों के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।