पटना/मोकामा : बिहार की सियासत में इन दिनों केवल एक ही सवाल गूँज रहा है कि नीतीश के बाद कौन? सीएम नीतीश आगामी 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं, जिसके साथ ही उनके सीएम पद से इस्तीफे की उलटी गिनती शुरू हो गई है। एनडीए के भीतर नए चेहरे को लेकर मंथन जारी है, लेकिन इसी बीच मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने अपनी पसंद बताकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने जहाँ निशांत कुमार और सम्राट चौधरी को अपना पसंद बताया है तो वहीँ, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के नाम की चर्चा के लेकर कहा कि ई सब बात हम जानबे नहीं करते हैं।
मालूम हो कि हाल ही में अपने करीबी विवेका पहलवान के घर पहुंचे अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि अगर जेडीयू से कोई सीएम बनता है, तो वह नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार होने चाहिए। वहीं, यदि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री चुना जाता है, तो उनकी पसंद सम्राट चौधरी हैं। लेकिन अब जब पत्रकारों ने उनसे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के नाम की चर्चा पर सवाल किया, तो अनंत सिंह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया कि ई सब बात हम जानबे नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि हम तो साफ़ शब्दों में कहा दिए हैं कि JDU से निशांत कुमार या भाजपा से सम्राट चौधरी सीएम बनेंगे।
सूत्रों और हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के अनुसार, नीतीश कुमार ने 30 मार्च 2026 को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वे अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और 10 अप्रैल को शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण के बाद वे सीएम की कुर्सी छोड़ देंगे। इसके बाद फिलहाल एनडीए के भीतर कई नामों पर चर्चा हो रही है की इनको सीएम बनाय जा सकता है। उनमे से बीजेपी के सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय और विजय सिन्हा तो जेडीयू के निशांत कुमार और संजय झा का नाम शामिल है। लेकिन, अब ललन सिंह के नाम पर भी कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि अनंत सिंह ने इस पर अनभिज्ञता जताई है।