मोकामा से जदयू के दबंग विधायक अनंत सिंह आज शनिवार की दोपहर जेल से बाहर आने वाले हैं। बहुचर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में उन्हें दो दिन पूर्व पटना हाईकोर्ट ने जमानत दे दी थी। अनंत सिंह की करीब 4 माह बाद जेल से आज हो रही रिहाई को लेकर उनके समर्थकों ने बड़े जश्न का इंतजाम कर रखा है। आज दोपहर 2 बजे के बाद वे जेल से बाहर आ सकते हैं। जेल से निकलने के बाद भव्य स्वागत और रोड शो की तैयारी की गई है। खबर है कि जेल से निकलकर अनंत सिंह सीधे अपने पटना स्थित सरकारी आवास पहुंचेंगे। बाहुबली अनंत सिंह के पटना स्थित आवास से लेकर मोकामा तक छोटे सरकार के नारे आज सुबह से ही गूंजने लगे हैं।
रोड शो, मंदिर में पूजा, भोज
आज अपने पटना स्थित आवास पर रात बीताने के बाद अनंत सिंह का कल 24 मार्च से अगले दो दिन का पूरा कार्यक्रम भी जारी किया गया है। वे कल अपने पटना आवास से मोकामा के लिए रवाना होंगे। फिर बाढ़ विधान सभा क्षेत्र के सबनीमां से लेकर मोकामा विधान सभा के बाहा पर तक भव्य और विशाल रोड शो करेंगे। यह रोड़ शो लगभग 50 किलोमीटर लंबा होगा। रोडशो के बाद रामपुर डुमरा में भव्य भोज का आयोजन किया गया जिसके लिए तीन लाख रसगुल्ले बनवाए जा रहे हैं। इस महाभोज में लगभग दस हजार लोग शामिल होने की चर्चा है। हर जगह फूल माला के साथ समर्थकों ने ढ़ोल बाजे का भी प्रबंध किया है। पूरा गांव फिलहाल जश्न की तैयारी में डूबा हुआ है। इस बीच चर्चा यह भी है कि वह लखीसराय जिले के बड़हिया स्थित महारानी स्थान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे। रोडशो के दौरान कई जगहों पर उनके समर्थक उनका जगह—जगह स्वागत करेंगे।
इन दो गांवों से रहेगा परहेज
बताया जाता है कि जेल से बाहर आने के बाद कल अनंत सिंह के बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के सबनीमां से लेकर मोकामा विधानसभा के बाहा पर के बीच पड़ने वाले 2 गांवों से परहेज करने की ताकीद की गई है। इन दोनों गांवों में उनका नाम मात्र का ठहराव होगा। यह मेकरा और लेमुआबाद गांव हैं, जहां उनके समर्थकों की भीड़ कम रहने का अनुमान है। बताया जाता है कि यह यादव बहुल क्षेत्र है, जहां लल्लू मुखिया के समर्थक हैं। फिलहाल लल्लू मुखिया हत्या के एक मामले में भागलपुर जेल में बंद हैं। बताया जाता है कि लल्लू मुखिया कभी बाहुबली अनंत सिंह के करीबी हुआ करते थे। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद से ही कुछ बात को लेकर दोनों अलग-अलग हो गए थे। विदित हो कि अनंत सिंह बीते विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा टाल क्षेत्र में हुई दुलारचंद हत्याकांड में आरोपित किये गए थे जिसके बाद से वे जेल में बंद थे और जेल से ही उन्होंने मोकामा से चुनाव भी जीता।