मोकामा से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को आज शनिवार को गोपालगंज कोर्ट से एक बार फिर बड़ी राहत मिली। कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक की सीमा को 5 जून तक के लिए बढ़ा दिया। इसके साथ ही भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की गिरफ्तारी पर भी कोर्ट ने स्टे दे दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई पांच जून को तय की गई है। अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश पांडेय ने कहा कि कोर्ट में पुलिस फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट नहीं सौंप सकी, इसपर सरकार के अधिवक्ता ने न्यायालय से समय मांगा। इसके बाद अनंत सिंह के अग्रिम जमानत के बिंदुओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पांच जून की अगली तिथि निर्धारित कर दी।
इधर सरकार की ओर से अनंत सिंह के केस को सीआईडी को सौंपे जाने की भी चर्चा हुई। गोपालगंज पुलिस केस से जुड़ीं फाइलें बिहार सीआईडी को सौंप चुकी है। अब सबकी निगाहें न्यायालय के पांच जून को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है।यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव का है. यहां 2 और 3 मई को जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों के हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने हथियारों की बैलिस्टिक जांच के लिए अनंत सिंह को 15 मई तक हथियार और लाइसेंस के साथ पेश होने का नोटिस भी दिया था। लेकिन विधायक और उनके समर्थक जांच के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर में दो नई धाराएं जोड़ने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था। आज गोपालगंज कोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई हुई थी।