बिहार में मॉनसून इस समय फुल एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज से अगले चार से पांच दिनों तक समूचे बिहार में मॉनसून की झमाझम बारिश की संभावना व्यक्त की है। उत्तर से लेकर दक्षिण बिहार के अमूमल सभी जिलों में भारी से मध्यम दर्जे की बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आज शनिवार को राज्य के 28 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इलमें से 11 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। वहीं 17 अन्य जिलों में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। बिहार के शेष 10 जिलों में मौसम सामान्य बने रहने की उम्मीद जताई गई है।
11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल शामिल हैं। इसी तरह 17 जिलों के लिए
येलो अलर्ट दिया गया है जिनमें सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, गया, अरवल, अररिया और किशनगंज प्रमुख हैं। इसके साथ ही मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 7 दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार के इलाकों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। यहां औसत अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
इधर उत्तराखंड समेत तमाम पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। जबकि पटना के ही दीघा घाट पर यह खतरे के निशान से 50.45 मीटर उपर बह रही है। मुंगेर घाट पर भी गंगा का पानी बढ़ने से लोगों को अंतिम संस्कार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी पटना के बारे में कहा है कि यहां अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 41 मिलीमीटर बारिश रोहतास में दर्ज की गई। इसके अलावा किशनगंज में 26 मिमी, अररिया में 18 मिमी, गोपालगंज में 13 मिमी और समस्तीपुर में 6.2 मिमी बारिश हुई है।