नवादा : जिले के पथरा इंग्लिश स्थित पूर्व मंत्री व जदयू विधायक विभा देवी के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। शनिवार को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार मृत अखिलेश कुमार के परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और पुत्र वियोग झेल रहे परिजनों को सांत्वना दी। और परिजनों से बातचीत के दौरान स्पष्ट रूप से कहा कि इस दुखद घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुलाकात के दौरान पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव ने विधानसभा अध्यक्ष को घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि मेरे बेटे की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि धर्मशिला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के संचालक, प्रबंधक और वहां कार्यरत चिकित्सकों व कर्मचारियों की घोर लापरवाही का परिणाम है। राजवल्लभ यादव ने घटनाक्रम का विवरण देते हुए बताया कि किस प्रकार अस्पताल प्रशासन की अनदेखी ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया।
विधानसभा अध्यक्ष के जाने के तुरंत बाद राजद विधायक गौतम कृष्ण भी विभा देवी के आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दुख की घड़ी में विधायक के आवास पर भारी संख्या में समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। सभी ने एक स्वर में मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट