अरवल : जन सुराज पार्टी आगामी 11 अप्रैल 2025 को पटना के गांधी मैदान में होने वाली बिहार बदलाव रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला पार्टी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक व प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जन सुराज प्रदेश कोर कमिटी के सदस्य एवं पूर्व जिला पार्षद अध्यक्ष रंजय यादव ने कहा कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की चाहत रखने वाले सभी लोग इस रैली में सादर आमंत्रित हैं। पार्टी ने इसके लिए व्यापक तैयारी कर रखी है। बिहार में पेपर लीक और भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ बिहार बदलाव रैली 11 अप्रैल से एक नए आंदोलन का आगाज हो रहा है। यह आंदोलन न सिर्फ बिहार के जनमानस की भावनाओं से जुड़ा है बल्कि भ्रष्ट सत्ता शासन को उखाड़ फेंकने में सक्षम भी होगा।
प्रेस वार्ता में राज्य कोर कमिटी की सदस्य एवं अरवल प्रखंड प्रमुख कुंती देवी ने भी अपनी बात रखी, इन्होंने कहा कि प्राइमरी स्तर से लेकर उच्च शिक्षा तक की स्थिति बिगड़ी हुई है। इसे सुधारे बगैर प्रदेश का कायाकल्प हो पाना संभव नहीं दिखता है। बिहार में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन के खिलाफ बिहार बदलाव रैली वर्तमान राज्य सरकार के लिए चुनौती होगा। इन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ बिहार बदलाव रैली के जरिए प्रदेश की जनता राज्य सरकार को ललकारने आ रही है। निरंतर बढ़ते अपराध के ग्राफ से लगता नहीं कि प्रदेश में जनता का राज है। सत्ता पोषित अपराधीकरण सर चढ़कर बोल रहा है।
बिहार में राजनीतिक परिवारवाद और जातिवाद के खिलाफ बिहार बदलाव रैली राजनीति में स्वच्छ परंपराओं की शुरुआत का गवाह बनेगा। बिहार में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ बिहार बदलाव रैली वह अचूक हथियार होगा जो व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। शराबबंदी से हो रहे नुकसान के खिलाफ बिहार बदलाव रैली एकमात्र विकल्प बनकर सामने आ रहा है, जिसमें जनता अपने गुस्से और आक्रोश को उजागर करेगी। वहीं बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ बिहार बदलाव रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट