खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर आज सोमवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो जाने की खबर है। जानकारी के अनुसार यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 2 अन्य लोगों की मौत अस्पताल में हुई है। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी 4 अन्य लोगों की हालत काफी नाजुक बताई जाती है। सभी घायलों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर दुर्घटना स्थल पर पुलिस पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसा NH-31 पर ठठा गांव के पास हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने NH-31 पर तेज रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों को लेकर चिंता जाहिर की और सुरक्षा की मांग करते हुए जाम लगा दिया।
महेशखुंट जा रहे थे ऑटो सवार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक और ऑटो में आमने सामने की भीषण टक्कर हुई है। ऑटो में सवार सभी लोग खगड़िया से महेशखुंट जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो से सीधे जा भिड़ा। बताया जाता है कि ऑटो से टकराने से पहले उस ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मारी जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह ऑटो से जा टकराया। टक्कर लगते ही तेज आवाज हुई और पलभर में सबकुछ तबाह हो गया। हादसे में पांच लोगों की हादसा स्थल पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोगों ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ा। मरने वालों में दो महिला, दो बच्चे और एक पुरुष की पहचान हुई है। अस्पताल में भर्ती चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।