Nalanda : नालंदा में बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरमेरा थाना क्षेत्र में एक विवाहित युवक द्वारा 5 साल के मासूम के साथ की गई अप्राकृतिक यौनाचार की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। खुद एक बच्चे का पिता होने के बावजूद आरोपी ने जिस तरह की हैवानियत दिखाई, उसने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है, लेकिन मासूम अब भी अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
पीड़ित बच्चे की मां के अनुसार, मासूम शाम को घर के बाहर खेलते हुए अचानक लापता हो गया था। जब वह शाम को खेत की ओर गई, तो उसे किसी बच्चे के बिलखने की आवाज सुनाई दी। जब वह आवाज की दिशा में दौड़कर पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसका 5 साल का बेटा लहूलुहान हालत में वहां पड़ा तड़प रहा था।
होश में आने पर मासूम ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि गांव का ही एक युवक उसे बिस्किट और चॉकलेट दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर खेत में ले गया था। वहां उसने बच्चे के साथ गलत काम किया और उसे मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गया।
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का एक छोटा बच्चा होने के बावजूद उसने इतनी हैवानियत दिखाई, जो बेहद निंदनीय है। लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इलाके में बेहतर निगरानी की मांग कर रहे हैं।
घटना के संबंध में सरमेरा थानाध्यक्ष सकेंद्र कुमार बिंद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित बच्चे और उसकी मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर दोषी को सख्त सजा दिलाई जायेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।