नवादा : जिले के नवादा रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर खाली मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यात्री टिकट लेने के लिए कतार में खड़े दिख रहे हैं, लेकिन काउंटर पर कोई रेलवे कर्मचारी मौजूद नहीं था। घटना के बाद यात्रियों में नाराजगी देखी गई। यात्रियों में से एक ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कई रेलवे अधिकारियों को वीडियो के साथ टैग किया गया था, जिसके बाद दानापुर के डीआरएम ने भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
गुस्से में डीआरएम
डीआरएम दानापुर ने लिखा, “महोदय, आपकी शिकायत प्राप्त हो गई है तथा इस संबंध में विभाग को मामले की जांच करने के लिए निर्देशित किया गया है।” इस प्रतिक्रिया से रेलवे कर्मियों में और भी खलबली मच गई। वीडियो वायरल होने के बाद टिकट काउंटर पर राहुल कुमार नामक कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि वह कुछ देर के लिए बाथरूम गए थे, उसी दौरान उनका वीडियो बना लिया गया। राहुल कुमार ने बताया कि स्टेशन पर तीन काउंटर हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण केवल एक ही काउंटर पर टिकट काटा जाता है।
जांच के आदेश
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकल टिकट काउंटर और रिजर्वेशन काउंटर दोनों पर एक-एक स्टाफ है। ऐसे में, यदि कोई कर्मचारी बाथरूम जाने, भोजन करने या किसी अन्य काम के लिए थोड़ी देर के लिए भी हटता है, तो यात्रियों और कर्मचारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिलहाल वीडियो के वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारी पूरी घटना पर क्या कार्रवाई करते हैं, यह देखना बाकी है। ध्यान रहे कि भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा का दावा करता है। ऐसे में काउंटर से कर्मचारी का गायब होना सवाल खड़े करता है।
भईया जी की रिपोर्ट