समस्तीपुर में पटोरी के निकट बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु का स्पैन गिरने की घटना के बाद अब बिहार में एक दिन में दूसरा पुल ध्वस्त हो जाने की खबर है। पुल गिरने की ताजा घटना मुंगेर में हुई है। यहां बरियारपुर प्रखंड के हरिणमार पंचायत और गोगरी के बीच गंडक नदी पर बना बिचली पुल पानी के तेज बहाव को नहीं झेल सका और नदी में समा गया। पुल बाढ़ के पानी के तेज बहाव में पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
इस पुल के गिरने की वजह कई पंचायतों के लोगों का सीधा संपर्क गोगरी से पूरी तरह कट गया है। ग्रामीणों ने जानकारी दी कि इस रास्ते में कुछ और पुल हैं जिनकी हालत भी दयनीय है। ये कभी भी बाढ़ के पानी की भेंट चढ़ सकते हैं। बिचली पुल के ध्वस्त होने से 80 हजार से ज्यादा की आबादी प्रभावित हो गई है।
जानकारी के अनुसार इस पुल का निर्माण 10 साल पहले हुआ था। अब पानी उतरने के बाद ही जिला प्रशासन टीम भेजकर जांच करवा पाएगी कि पुल कैसे ध्वस्त हो गया। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान पुल गिरने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले समस्तीपुर के पटोरी प्रखंड में बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन सड़क पर नंदनी लगुनिया रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का एक स्पैन बीती देर रात अचानक गिर गया था।