बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने आज बुधवार को 12 सीनियर IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया। इनमें DG से लेकर SDPO तक के अधिकारी शामिल हैं। इस लिस्ट में 1995 बैच के कड़े तेवर वाले IPS पंकज दराद का नाम भी शामिल है। पंकज दराद इस समय राज्य के सबसे हाई-प्रोफाइल टेंडर घोटाले की जांच की मॉनिटरिंग कर रहे थे। लेकिन अब उन्हें SVU के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया है। गृह विभाग ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया है। IPS पंकज दराद ने हाल ही में भ्रष्टाचार के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे। वह SVU का नेतृत्व कर रहे थे जो टेंडर घोटाला सहित राज्य के कई बड़े मामलों की जांच के लिए जिम्मेदार थी। अधिसूचना के अनुसार पंकज कुमार दराद को अब स्पेशल विजिलेंस यूनिट के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है और उन्हें पुलिस भवन निर्माण निगम का ADG और एमडी नियुक्त किया गया है। SVU का अतिरिक्त प्रभार अब IPS अधिकारी सुधांशु कुमार को सौंपा गया है, जो वर्तमान में ADG ट्रैफिक के पद पर तैनात हैं।
ATS और लॉ एंड ऑर्डर में भी फेरबदल
पंकज दराद ATS के ADG का पद भी संभाल रहे थे, जिसकी कमान अब IPS अमृत राज को सौंपी गई है। अमृत राज वर्तमान में साइबर क्राइम और सिक्योरिटी यूनिट के ADG हैं और उन्हें ATS का नया ADG नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सुहिता अनुपम को ADG लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह CID में ADG वीकर सेक्शंस का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी। इसी तरह प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम से हटाकर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशाम सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। जबकि डीजी प्रशिक्षण निर्मल कुमार आजाद को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आईजी राजेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक एसएसआरबी के पद पर तैनात किया गया है। आईजी पंकज कुमार राज को एससीआरबी के प्रभार से मुक्त करते हुए अब पूर्ण रूप से आईजी रेलवे बनाया गया है। आईजी एस. प्रेमलता को मद्यनिषेध विभाग से स्थानांतरित कर BSAP का महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं कहलगांव की एसडीपीओ गरिमा को पदोन्नति देते हुए जमालपुर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9 का कमांडेंट बनाया गया है। जबकि दानापुर के एसडीपीओ शिवम धाकड़ को स्थानांतरित कर मधुबनी जिले का नया ग्रामीण SP बनाया गया है। इसके अलावा मसौढ़ी की एसडीपीओ कोमल मीणा को स्थानांतरित कर पटना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था)-II बनाया गया है।