नवादा : जिले में पीएम श्री योजना के तहत नगर के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, प्रसाद बिगहा की छात्राओं को गांधी इंटर विद्यालय में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का अभिभावकों ने विरोध किया है। उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा और अपनी बेटियों को मिश्रित स्कूल भेजने से इनकार कर दिया है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत जिले में 21 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है, जिसमें नवादा नगर का गांधी इंटर विद्यालय भी शामिल है। इस योजना के तहत राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं, जिनकी आयु 8 से 12 वर्ष के बीच है, को स्थानांतरित किया जाना है।
विद्यालय प्रशासन सरकारी निर्देशों का पालन कर रहा है, लेकिन अभिभावक इस स्थानांतरण का विरोध कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि राजकीय कन्या मध्य विद्यालय केवल लड़कियों का स्कूल है, जहां महिला शिक्षिकाएं छात्राओं की व्यक्तिगत देखभाल करती हैं। उनका तर्क है कि गांधी इंटर विद्यालय में लड़के और लड़कियां साथ पढ़ते हैं। क्षेत्र में छोटी बच्चियों के साथ हो रही घटनाओं को देखते हुए वे अपनी बेटियों को मिश्रित विद्यालय में सुरक्षित महसूस नहीं करते।
एक अभिभावक ने कहा, ‘आजकल छोटी-छोटी बच्चियों के साथ क्या-क्या हो रहा है, हम जानते हैं। एक जगह लड़का-लड़की साथ नहीं पढ़ा सकते। अभिभावकों ने डीएम से हस्तक्षेप की मांग करते हुए आवेदन दिया है। उन्होंने सुझाव दिया है कि नगर में अन्य विद्यालय उपलब्ध हैं, जहां छात्राओं को स्थानांतरित किया जा सकता है, लेकिन गांधी इंटर विद्यालय उन्हें स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अपनी बच्चियों को वर्तमान कन्या विद्यालय में ही रहने देने का आश्वासन मांगा है।
भईया जी की रिपोर्ट