अरवल –बीपीएल एवं योग्य परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार की अध्यक्षता में सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बीपीएल परिवारों एवं अन्य गरीब परिवारों के सभी योग्य सदस्यों को राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना था, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, किसान योजनाएं, श्रम कल्याण योजनाएं एवं अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी विभाग लाभुकों की पहचान, सत्यापन एवं कवरेज को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। जिससे कोई भी योग्य लाभुक योजना के लाभसे वंचित न रहे, इसके लिए विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने को कहा गया। उन्होंने पंचायत एवं वार्ड स्तर पर विशेष शिविरों, होम विजिट, तथा डोर-टू-डोर सत्यापन के माध्यम से छूटे हुए लाभुकों को चिन्हित कर त्वरित लाभ देने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने अद्यतन डाटा संधारण, समयबद्ध निस्तारण एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर बल दिया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर प्राप्त करने को कहा गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट