नवादा : जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जो ई-रिक्शा के जरिए शराब की तस्करी कर रहे थे। कार्रवाई नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मस्तानगंज के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड से नवादा की ओर एक ई-रिक्शा में शराब की खेप लाई जा रही है।
ई-रिक्शा की ली तलाशी
सूचना मिलते ही टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध ई-रिक्शा को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से कुल 100 बोतल बीयर बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से नवादा लाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेमदारगंज थाना क्षेत्र के ननौरी गांव निवासी रामविलास सिंह के 26 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार और झारखंड के सतगावां गांव निवासी सुनील कुमार यादव के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।
झारखंड से ला रहे थे शराब
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड के बासोडीह से शराब लेकर नवादा पहुंचाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं। उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शराब की तस्करी के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल इसलिए किया जा रहा था ताकि किसी को शक न हो और आसानी से शहर के अंदर तक माल पहुंचाया जा सके। लेकिन इस बार उनकी चालाकी काम नहीं आई और टीम ने उन्हें बीच रास्ते में ही पकड़ लिया।
भईया जी की रिपोर्ट