आज रविवार को गंगा दशहरा के दिन पटना के निकट बाढ़ थाना क्षेत्र में एक बड़ा नाव हादसा हुआ जिसमें 17 लोग डूब गए। ये सभी नाव सवार बाढ़ के उमानाथ घाट पर गंगा स्नान करने गए थे। 17 लोगों में से 11 लोग तो किसी तरह बाहर निकल आए लेकिन 6 लोग अभी भी लापता बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार गंगा दशहरा पर गंगा की धार के दोनों तरफ के तटों पर लोग बड़ी संख्या में गंगा स्नान के लिए जुटे थे। इस दौरान कई श्रद्धालु नाव में सवार होकर इस पार से उस पार आ-जा रहे थे। इसी दौरान एक नाव बीच धारा पलट कर डूब गई।
हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि हादसे के समय घाट पर काफी भीड़ थी। नाव पलटने की खबर फैलते ही वहां भगदड़ मच गई जिससे कई लोगों को चोटें आईं हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। गोताखोरों को गंगा नदी में उतारा गया है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।