छठ में बिहार की महिलाओं द्वारा नाक से मांग तक लगाई जाने वाली सिंदुर की परंपरा पर भद्दा कमेंट करना स्टैंडअप कॉमेडियन और यूट्यूबर यश माहेश्वरी को काफी भारी पड़ा है। छठ के दौरान शादीशुदा महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर किए गए भद्दे मजाक के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। सोशल मीडिया पर भी उसकी जमकर आलोचना हो रही है। हालांकि विवाद बढ़ने पर यश ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, लेकिन अब सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। यश माहेश्वरी ने छठ पूजा की परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
ऋतु जायसवाल और सिंघवी ने की FIR की मांग
बिहार की भाजपा नेता ऋतु जायसवाल ने यश माहेश्वरी के खिलाफ राज्य के हर जिले में FIR दर्ज उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने भी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाते हुए इसे सामुदायिक क्राइम करार दिया है। यश माहेश्वरी एक स्टैंडअप कॉमेडियन है और वह हिंदी में अपने शो करता है। मूल रूप से राजस्थान के जयपुर का रहने वाला यश माहेश्वरी दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में काफी सक्रिय है। वह अपने शो के वीडियो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी शेयर करता है। उसका यूट्यूब चैनल ‘ऑलमोस्ट यश’ नाम से है। यश अपने स्टैंडअप शो में रोजमर्रा की जिंदगी, सामाजिक मुद्दों और अलग-अलग विषयों पर मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखता है।
यश की इस वीडियो से शुरू हुआ विवाद
यह भी उल्लेखनीय है कि यश माहेश्वरी के कॉमेडी कंटेंट में डार्क और एडल्ट ह्यूमर की भरमार है। उसके चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं, वहीं उसके इंस्टाग्राम पर करीब 12.5 हजार फॉलोअर्स हैं। छठ को लेकर यश माहेश्वरी का विवाद नवंबर 2026 में उसके एक स्टैंडअप शो की क्लिप सामने आने के बाद शुरू हुआ। उसने ‘मोरली क्वेश्चेनेबल’ टाइटल से यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया। इसमें उसने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर भद्दा मजाक उड़ाया। इसमें उसने सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के प्राइवेट पार्ट से कर दी। उसकी इस टिप्पणी को बिहार की महिलाओं और छठ की परंपरा का अपमान बताते हुए सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। देखते ही देखते वीडियो चर्चा में आ गया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग होने लगी। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद यश ने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी के लिए माफी भी मांगी, लेकिन लोगों ने प्रतिक्रिया में कहा कि यह अक्षम्य अपराध है।