आरा में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान जयमाला की रस्म के बाद दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग में एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद छह अपराधी अचानक समारोह में घुस आए और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया में हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई और हमलावर आराम से फरार हो गए। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी राहुल कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान दौलतपुर गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में की गई। उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौसी की बेटी की शादी में कोहराम
शुरुआती जांच में पुलिस को इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश का शक है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले छह हमलावरों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाकर छापेमारी शुरू की गई है। जानकारी के अनुसार चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। मृतक राहुल रिश्ते में नेहा का मौसेरा भाई लगता था। वह अपने दोस्त दीपक, सोनू और अन्य युवकों के साथ शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था। रात में बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ और इसके बाद मेहमानों ने खाना खाया तथा आपस में बातचीत करने लगे।
पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे युवकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तीन युवकों को गोली लगी जिसमें दो की मौत हो गई। गोली लगने के बाद राहुल और दीपक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहुल के बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी, जबकि दीपक के पेट, दाहिने हाथ, बाएं कंधे और कोहनी के पास गोली लगी थी। जख्मी युवक सोनू के दाहिने जांघ में गोली लगी है तथा उसका इलाज जारी है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है।एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पूर्व के विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।