मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की आज शादी हो रही है। शादी समारोह की भव्य तैयारियों के बीच इससे ठीक पहले वाली रात का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें परिवार जश्न मनाता दिख रहा है। इस वीडियो में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी एक महिला डांसर के साथ डांस स्टेप्स पर झूमती दिख रही हैं। इस दौरान दुल्हन शिवांगी और परिवार की बड़ी बेटी राजनंदनी इस पल को अपने मोबाइल में कैद करती दिख रही हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला डांसर नीलम देवी से अपने साथ डांस करने का अनुरोध करती है। पहले तो नीलम देवी डांसर को देखती हैं, लेकिन बाद में वह भी उसके साथ थिरकने लगती हैं।
इस वीडियो में बैकग्राउंड में ‘मेहंदी लगा के रखना…’, गाना बज रहा है और इसपर नीलम देवी डांसर के साथ ठुमके लगा रही हैं। उनके इस अंदाज में देखकर वहां मौजूद लोग भी उत्साहित नजर आते हैं। इस समारोह में दुल्हन शिवांगी गोल्डन ड्रेस में बेहद आकर्षक लग रही थी जबकि उनके तीनों भाई और परिवार के अन्य सदस्य भी काफी खुश दिख रहे थे। अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के लिए नदवां गांव में बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। बिहटा के कृष्णानगर से ऋषिकेश कुमार दूल्हा बनकर बरात लेकर नदवां गांव पहुंचेंगे। बरात में 151 गाड़ियों का काफिला शामिल रहेगा और शादी पूरे वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराई जाएगी।
इस शादी के लिए नदवां गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार कराया गया है। मेहमानों के लिए सुबह 10 बजे से ही भोजन की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। शादी में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई कलाकारों की प्रस्तुतियों का इंतजाम किया गया है। आज बुधवार दोपहर दो बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी जिसमें हिस्सा लेने के लिए दूसरे राज्यों से भी घोड़े मंगाए गए हैं। बता दें कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पटना से सटे बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश से तय हुई है। ऋषिकेश की पढ़ाई-लिखाई अमेरिका में हुई है और वो अमेरिका में ही नौकरी करते हैं।