अरवल- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए श्री श्री छठ पूजा समिति, मखदुमपुर अरवल की ओर से छठ व्रतियों के बीच खरना प्रसाद तैयार करने के लिए कच्ची सामग्री का वितरण किया गया। समिति की इस पहल से व्रतियों में खुशी का माहौल देखा गया।

इस पुनीत कार्य का नेतृत्व समिति के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य निर्भय कुमार सिंह ने किया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष रविरंजन कुमार, सचिव अमर सक्सेना एवं कोषाध्यक्ष गुड्डू कुमार तथा समिति के पूर्व अध्यक्ष सूरज कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए वितरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। पूरे आयोजन की व्यवस्था एवं संचालन शैलेन्द्र कुमार की देखरेख में किया जा रहा है।
समिति का उद्देश्य छठ व्रतियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना तथा लोक आस्था के इस महापर्व को आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक एकता के साथ मनाना है। समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। व्रतियों की सेवा करना और उनके धार्मिक अनुष्ठान में सहयोग देना समिति के लिए सौभाग्य की बात है। समिति की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की तथा इसे सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

