पटना से सटे बिहटा में ऑटो चालक इरफान की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड के अनुसंधान के क्रम में रिश्तों को शर्मसार करने वाली कहानी सामने आई। इरफान की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी थी। इरफान की पत्नी का गांव के ही करण कुमार से दो वर्षों से अफेयर चल रहा था। जब इरफान को इस रिश्ते की भनक लगी तो पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग शुरू कर दी। चौंकाने वली बात यह है कि पति की हत्या की सुपारी देने के लिए पत्नी ने लोन तक लिया। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग को इस कांड में गिरफ्तार किया है, जबकि गोली चलाने वाला शूटर अब भी फरार है।

दरअसल 10 नवंबर की देर रात बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में ऑटो चालक इरफान इमाम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, इरफान की पत्नी नेहा उर्फ फोजिया फिरदौस का गांव के ही करण कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति को जब इसकी जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इरफान की हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर उसे अंजाम दे डाला।
पुलिस की जांच में हत्या के लिए पैसों के इंतजाम का मामला भी सामने आया। पता चला कि पत्नी ने कर्ज लेकर हत्या के लिए सुपारी की रकम जुटाई। हालांकि, लोन लेने और सुपारी की रकम को लेकर अभी पुलिस आगे जांच कर रही है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या के लिए कितने पैसे दिए गए और इस पूरी साजिश में कौन-कौन शामिल था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले पत्नी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके प्रेमी करण कुमार को दबोचा गया। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है।
