वैशाली मे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जहर खाने से मौत हो गई जबकि एक बच्ची की हालत नाजुक है। बताया जा रहा है कि घर का मुखिया राहुल कुमार लगातार परिवारिक जमीन बेच रहा था। मां और पत्नी के बार बार मना करने पर भी वह जमीन का सौदा कर रहा था। माना जा रहा है कि पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर हुए इसी विवाद के बाद बीती रात परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है जहां राहुल की मां, पत्नी और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी 15 वर्षीया बेटी की हालत गंभीर है। घटना की खबर लगते ही राहुल घर छोड़कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान 55 वर्षीया निर्मला देवी, 35 वर्षीय सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है।

15 वर्षीया बेटी की हालत गंभीर
फिलहाल राहुल की 15 वर्षीया बेटी ऋषिका को गंभीर हालत में हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। सूचना मिलने के बाद गोरौल और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जानकारी के मुताबिक प्रेमराज गांव निवासी श्यामनंदन सिंह की मौत के बाद उनका इकलौता बेटा राहुल लगातार पुश्तैनी जमीन बेच रहा था। परिवार के दूसरे सदस्य इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले राहुल ने अपनी एक और जमीन बेच दी। इसकी जानकारी जब उसकी पत्नी सीमा देवी को हुई तो वह रजिस्ट्री ऑफिस पहुंची और जमीन की रजिस्ट्री की नकल निकलवाई। इसके बाद उसने राहुल से जमीन बेचने को लेकर सवाल किया और इसका विरोध किया।
बताया जाता है कि जमीन बेचे जाने को लेकर बीती रात राहुल ने अपनी मां निर्मला देवी और पत्नी सीमा देवी के साथ मारपीट की। इसके बाद वह घर से चला गया। परिवार में पहले से चल रहे तनाव के बीच रात में जहरीला पदार्थ खाने की घटना हुई। राहुल की मां और पत्नी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया और बच्चों को भी जहर दे दिया। इसके बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान निर्मला देवी, सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार की मौत हो गई। 15 वर्षीय ऋषिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके एफएसल टीम को बुलाया है जो सबूत इकट्ठा कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

